झारखंड के 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा विशेष सैलरी पैकेज, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ सरकार ने किया MoU

SHARE:

रांची। झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन), रांची में राज्य सरकार के वित्त विभाग और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से राज्य के लगभग 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को विशेष सैलरी पैकेज का लाभ मिलेगा।

इस विशेष सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा, दिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता और विभिन्न प्रकार की रियायती ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ बेहतर बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना है।

दुर्घटना बीमा से लेकर एयर एम्बुलेंस तक की सुविधा

समझौते के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को कई प्रीमियम बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। इनमें आकस्मिक मृत्यु बीमा कवर, पूर्ण एवं आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता, एयर एम्बुलेंस सहित आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को रियायती दरों पर व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण और वाहन ऋण की सुविधा मिलेगी। साथ ही निःशुल्क एटीएम कार्ड और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

आदिवासी एवं ग्रामीण समुदाय के वित्तीय सशक्तिकरण पर जोर

MoU के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बैंकों से गरीब, वंचित और आदिवासी समुदाय के वित्तीय सशक्तिकरण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है, इसलिए बैंकिंग क्षेत्र में आदिवासी समुदाय को विशेष प्राथमिकता और लाभ मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंकिंग सुविधाएं केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, पिछड़े और जरूरतमंद लोगों तक भी इनका विस्तार होना चाहिए। आदिवासी परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और जीवन स्तर में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

युवाओं और छोटे उद्यमियों को आसान ऋण देने की अपील

मुख्यमंत्री ने बैंकों से युवाओं, छोटे उद्यमियों और जरूरतमंद लोगों के लिए ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल और सुलभ बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। ऐसे में बैंकिंग संस्थानों का सहयोग आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि आम लोगों का बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होना चाहिए और प्रत्येक नागरिक तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यूनियन बैंक की पहल को सराहा

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस समझौते को राज्य सरकार के कर्मचारियों के हित में अच्छी पहल बताया। उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यह साझेदारी भविष्य में और व्यापक होगी तथा बैंक राज्य के आम नागरिकों तक भी अपनी सेवाओं का विस्तार करेगा।

इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव प्रशांत कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के जोनल हेड गुणा चन्द्र गामी, इकोसिस्टम हब हेड रंजीत सहित बैंक के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *