रांची। झारखंड में 15 वर्ष की सेवा अवधि पूरी कर चुके सरकारी वाहनों का अब व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (RVSF) के माध्यम से पुराने एवं अनुपयोगी सरकारी वाहनों को स्क्रैप कराने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। इस पहल से सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।
इस संबंध में बुधवार को परिवहन सचिव श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन, रांची स्थित सभागार में राज्यस्तरीय नोडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्क्रैपिंग की निर्धारित प्रक्रिया एवं विभागीय जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
परिवहन सचिव ने कहा कि सरकारी वाहनों की स्क्रैपिंग की प्रक्रिया भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएगी। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और पारदर्शी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस थानों में दुर्घटनाग्रस्त एवं लंबे समय से अनुपयोगी पड़े वाहनों सहित अन्य विभागों के मरम्मत योग्य नहीं रहने वाले वाहनों की पहचान कर नियमानुसार निस्तारण करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वाहन स्क्रैपिंग केवल पुराने वाहनों को हटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण, सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग और राजस्व में भी वृद्धि होगी। स्क्रैपिंग के बाद परिवहन विभाग के माध्यम से देय कर की राशि सरकारी राजकोष में जमा होगी। साथ ही, निर्धारित वित्तीय एवं राजस्व संबंधी प्रावधानों का लाभ संबंधित विभागों को भी मिलेगा।
बैठक में MSTC एवं RVSF के प्रतिनिधियों ने सरकारी वाहनों की स्क्रैपिंग की पूरी प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रस्तुतीकरण किया। अधिकारियों को MSTC एवं GeM पोर्टल पर पंजीकरण, वाहनों का विवरण अपलोड करने, नीलामी तथा पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा के माध्यम से वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई।
परिवहन सचिव ने सभी विभागीय नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों में 15 वर्ष पुराने एवं अनुपयोगी वाहनों की पहचान कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी तकनीकी समस्या या प्रक्रिया से संबंधित संदेह की स्थिति में परिवहन विभाग से परामर्श लेने को कहा गया।
इस पहल से झारखंड में पुराने सरकारी वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित होने के साथ सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।







