हजारीबाग। उरीमारी क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निर्मल पंडित उर्फ सुमित (25 वर्ष), पिता कैलाश पंडित, निवासी गोलपार, रामगढ़ कैंट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 7.62 एमएम की चार जिंदा गोलियां, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह का एक सक्रिय सदस्य मोटरसाइकिल से गिद्दी के टेहरा टांड होते हुए उरीमारी की ओर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम ने उरीमारी-गिद्दी बॉर्डर स्थित गरसुल्ला पुलिया के पास रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात में उरीमारी आने का संतोषजनक कारण नहीं बता सका। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें चार जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोबाइल की जांच के दौरान गैलरी में पिस्टल के साथ पोज देते हुए आरोपी की कई तस्वीरें मिलीं। पुलिस ने इन तस्वीरों का विधिवत ई-साक्ष्य भी सुरक्षित किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने राहुल दुबे गिरोह का सदस्य होने तथा उरीमारी में किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की।
इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना कांड संख्या 196/26, दिनांक 03.11.2026 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।
बरामदगी:
7.62 एमएम की चार जिंदा गोलियां
एक मोबाइल फोन
एक मोटरसाइकिल
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक मो. शाहिद रजा, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, पु.अ.नि. संजय खल्खो, स.अ.नि. संजय यादव, स.अ.नि. विनोद राम एवं उरीमारी ओपी रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।






