रांची। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक विलंब पर कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को रांची स्थित विश्वा सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने रांची पूर्व, रांची पश्चिम एवं खूंटी प्रमंडल में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी पेयजल योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में शिथिलता बरतने वाले संवेदकों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, सिंगल विलेज स्कीम (SVS), बहु ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं और जलापूर्ति व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। मंत्री ने भुगतान होने के बावजूद योजनाओं का सुचारू रूप से संचालन नहीं होने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने के मामलों को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
SVS योजनाओं की जांच के लिए गठित होगी कमिटी
सिंगल विलेज स्कीम (SVS) के तहत संचालित सभी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर संयुक्त कमिटी गठित करने का निर्देश दिया गया है। कमिटी स्थल निरीक्षण कर योजनाओं की कार्यप्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, संचालन की स्थिति और संबंधित समस्याओं की जांच करेगी। इसके बाद 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी।
दिसंबर 2026 तक सभी क्लस्टर और SVS योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य
मंत्री ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि दिसंबर 2026 तक सभी क्लस्टर एवं SVS योजनाओं को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, जिन गांवों में हर घर जल योजना का सत्यापन अभी बाकी है, वहां जल्द से जल्द सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कार्यशील पेयजल योजनाओं के लिए ग्रामीणों के साथ बैठक कर जलकर संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश भी कनीय एवं सहायक अभियंताओं को दिया।
लापरवाह संवेदकों को लीगल नोटिस, अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही
समीक्षा बैठक में बंद पड़ी योजनाओं और कार्य में देरी करने वाले संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंताओं को काम नहीं करने वाले संवेदकों को लीगल नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, लंबित योजनाओं को पूरा कराने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
विभागीय सचिव अबु इमरान ने पेयजलापूर्ति से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और अन्य निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधूरी एवं प्रभावित योजनाओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अभियान निदेशक शशि रंजन ने अधिकारियों को अपने क्षेत्र की लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और संवेदकों की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि पेयजलापूर्ति विभाग की योजनाएं सीधे आम जनता की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं। इसलिए लोगों को नियमित और सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं संवेदकों को पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान, विशेष सचिव, अभियान निदेशक शशि रंजन, अभियंता प्रमुख निरंजन कुमार, रांची के उप विकास आयुक्त, खूंटी के उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, मुख्य अभियंता, PMU, मुख्य अभियंता CDO सहित रांची पूर्व, रांची पश्चिम एवं खूंटी प्रमंडल के वरीय अधिकारी, विभागीय पदाधिकारी तथा संबंधित संवेदक उपस्थित थे।






