रांची समाहरणालय में जनता दरबार: डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश

SHARE:

राँची। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जिला प्रशासन एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार, 2 नवंबर 2026 को रांची समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा।

जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पंजी-2 में सुधार, दाखिल-खारिज, दखल-कब्जा, घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामले सामने आए। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

गैस सिलेंडर की समस्या पर वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव

जनसुनवाई के दौरान एलपीजी गैस कनेक्शन और घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बाजार से 5 किलोग्राम का गैस सिलेंडर लेने का सुझाव दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सोनाहातू में बाजार समिति की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत

जनता दरबार में सोनाहातू स्थित बाजार समिति की जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला भी सामने आया। उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को संबंधित जमीन को संरक्षित करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पेंशन भुगतान को लेकर डीसी ने दी जानकारी

सामाजिक सुरक्षा के तहत भारत सरकार की इंदिरा गांधी पेंशन योजना से संबंधित शिकायतों पर उपायुक्त ने बताया कि रांची जिले में लगभग 50 प्रतिशत लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभुकों के भुगतान में आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी कुछ दिनों में शेष लाभुकों के खातों में भी राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों के निष्पादन का निर्देश

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम नागरिकों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन दिए जाने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समाधान केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक निष्पादन सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *