ज्ञान, संस्कृति और रोमांच का संगम: सरला बिरला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने गुजरात और मुंबई की शैक्षणिक यात्रा में हासिल किए यादगार अन

SHARE:

राँची। सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची के विद्यार्थियों की गुजरात एवं मुंबई की शैक्षणिक यात्रा ज्ञान, संस्कृति, इतिहास और रोमांच का अनूठा संगम रही। इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर देश की ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक जीवनशैली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने कई ऐतिहासिक, धार्मिक एवं मनोरंजक स्थलों का भ्रमण कर यादगार अनुभव हासिल किए।

यात्रा की शुरुआत अहमदाबाद स्थित श्री माँ वैष्णोदेवी मंदिर में दर्शन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने साबरमती आश्रम का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांतों को समझने का अवसर मिला। श्री स्वामीनारायण अक्षरधाम की भव्य स्थापत्य कला और अद्भुत शिल्पकला ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत से रूबरू कराया। वहीं, 5/11 गेम जोन में मनोरंजक गतिविधियों ने यात्रा को और भी रोमांचक बनाया।

इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण विश्वप्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा को देखकर विद्यार्थियों ने उनके नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता में उनके योगदान के बारे में जाना।

इसके बाद विद्यार्थियों ने मुंबई का रुख किया। यहाँ ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया और मरीन ड्राइव का भ्रमण किया। अरब सागर की लहरों और समुद्र किनारे के खूबसूरत नजारों ने सभी का मन मोह लिया। गिरगांव चौपाटी पर मुंबई की प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड संस्कृति का भी आनंद लिया। वहीं, इमैजिका वॉटर पार्क में रोमांचक जल-क्रीड़ाओं और विभिन्न गतिविधियों ने विद्यार्थियों को खूब उत्साहित किया। फीनिक्स मॉल के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को महानगर की आधुनिक जीवनशैली और शहरी परिवेश को करीब से देखने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि अनुभवात्मक शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। शैक्षणिक यात्राएँ विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक परिवेश को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देती हैं। ऐसे अनुभव बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, अनुकूलनशीलता और टीम भावना विकसित करते हैं।

गुजरात और मुंबई की यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए महज पर्यटन नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, संस्कृति और जीवन-मूल्यों को समझने का एक सार्थक अवसर साबित हुई। यात्रा ने विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाने के साथ-साथ उनमें आपसी सहयोग, मित्रता और सामूहिकता की भावना को भी मजबूत किया। निश्चित रूप से इस यात्रा की यादें विद्यार्थियों के मन में लंबे समय तक संजोई रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *