राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, राँची में रविवार, 01 नवंबर 2026 को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) एवं सीसीएल का 52वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में सीसीएल एवं क्षेत्रीय ध्वज फहराया गया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत और सीआईएल कॉर्पोरेट गीत का सामूहिक गायन किया। इस दौरान उत्साह और उमंग के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे भी छोड़े गए।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि सीआईएल एवं सीसीएल की गौरवशाली उपलब्धियों और विकास यात्रा के पीछे प्रत्येक कोलकर्मी का समर्पण, कठिन परिश्रम और टीम भावना है। उन्होंने कहा कि सीसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा, गुणवत्ता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक ताकत उसकी कार्यसंस्कृति, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों में होती है। उन्होंने कोलकर्मियों की मेहनत और सामूहिक योगदान को देश की ऊर्जा जरूरतों एवं राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
गौरतलब है कि सीआईएल एवं सीसीएल की 52 वर्षों की यात्रा मेहनत, समर्पण, नवाचार और राष्ट्रसेवा की मिसाल रही है। कोयला उत्पादन के साथ-साथ कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में भी लगातार महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।





