राँची। राजधानी राँची में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को गुप्त सूचना मिली कि कांटाटोली स्थित वासुदेव नगर के रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक के फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध युवक जमा हुए हैं। आशंका जताई गई थी कि ये किसी अप्रिय आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (शहर) श्री के.वी. रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए अपार्टमेंट में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को एक देशी पिस्टल और एप्पल कंपनी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरजीत कुमार सिंह (28 वर्ष), पिता सत्येंद्र सिंह, निवासी पिपरा, थाना राजपुर, जिला चतरा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट, ई-ब्लॉक, फ्लैट नंबर 103, वासुदेव नगर, कांटाटोली में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमरजीत कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 30/2022, हरिहरगंज थाना कांड संख्या 78/2022 और राजपुर थाना कांड संख्या 59/2025 दर्ज हैं।
इस मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 193/2026, दिनांक 01 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी टीम का नेतृत्व वरीय पुलिस उपाधीक्षक (शहर) के.वी. रमण ने किया। टीम में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, खादगढ़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, सुधीर बाड़ा, सहायक अवर निरीक्षक मनीष कुमार मंडल, पीसीआर-06 में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं जवान तथा थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
राँची पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






