देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, 5 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद

SHARE:

देवघर, 31 अक्टूबर 2026। देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा०पु०से०) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों से ठगी कर रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान योजना के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. राहुल कुमार रवाणी (19 वर्ष), निवासी डुमरतर, थाना करौं, जिला देवघर।
  2. गौतम कुमार मंडल (28 वर्ष), निवासी दामोडीह, थाना रामगढ़, जिला दुमका।
  3. बिरेन्द्र दास (20 वर्ष), निवासी छाताकुरूम, पथरड्डा ओपी, जिला देवघर।
  4. दीपक कुमार दास (24 वर्ष), निवासी छाताकुरूम, पथरड्डा ओपी, जिला देवघर।

इस तरह करते थे साइबर ठगी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कई तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे फर्जी गूगल पे, फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर ठगी करते थे।

आरोपी खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर भी लोगों को झांसे में लेते थे। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते थे।

कई राज्यों में दर्ज हैं साइबर ठगी की शिकायतें

पुलिस की तकनीकी जांच में गिरफ्तार आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार दास पूर्व में साइबर थाना देवघर कांड संख्या 46/2025 में भी जेल जा चुका है।

छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र कुमार मंडल, पथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम, करौं थाना प्रभारी दीपक भारती सहित पथरड्डा ओपी एवं करौं थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

देवघर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *