झारखंड में OBC नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाण पत्र : फॉर्म-15 स्व-घोषणा के साथ पुराना प्रमाण पत्र मान्य, बार-बार नया बनवाने की ज़रूरत खत्म — राजेश गुप्ता ने केंद्र से भी उठाई मांग

SHARE:

रांची, 31 अक्टूबर 2026: झारखंड सरकार ने OBC वर्ग के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के पत्रांक-05/विविध-79/2025-595 दिनांक 29/10/2026 एवं कार्मिक विभाग के पत्रांक-6102 दिनांक 01/10/2026 के अनुसार अब OBC नॉन-क्रीमी लेयर (NCL) प्रमाण पत्र धारकों को हर वर्ष नया प्रमाण पत्र बनवाने की ज़रूरत नहीं रहेगी।
आदेश के अनुसार, कंडिका 8.2 एवं 9.1 के तहत फॉर्म-15 में नॉन-क्रीमी लेयर संबंधी स्व-घोषणा पत्र देने पर पूर्व में जारी NCL प्रमाण पत्र अथवा नया जारी प्रमाण पत्र आगामी नियोजन एवं नामांकन प्रक्रिया में मान्य रहेगा। इस निर्णय से OBC छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को बार-बार प्रमाण पत्र बनवाने से होने वाली असुविधा, विलंब और अतिरिक्त खर्च से मुक्ति मिलेगी।
राष्ट्रीय OBC मोर्चा लंबे समय से पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग एवं राज्य सरकार से यह मांग करता आ रहा था कि NCL प्रमाण पत्र की वैधता केवल एक वर्ष होने से OBC छात्रों को नियोजन एवं नामांकन में भारी परेशानी होती है। इसी मांग पर पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग ने 26 मई 2026 की बैठक में अनुशंसा की थी, जिसके बाद सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
राष्ट्रीय OBC मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार, पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, सदस्य नंदकिशोर मेहता, लक्ष्मण यादव, नरेश वर्मा एवं सदस्य सचिव विनोद कुमार बोंके का आभार व्यक्त किया।
राजेश कुमार गुप्ता ने केंद्र सरकार से भी मांग की है कि जिस प्रकार झारखंड सरकार ने राज्य स्तर पर OBC नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाण पत्र संबंधी व्यवस्था सरल की है, उसी प्रकार केंद्र सरकार भी केंद्रीय नियोजन एवं केंद्रीय शिक्षण संस्थानों के लिए OBC नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाण पत्र की वैधता संबंधी नियमों को सरल बनाए। उन्होंने कहा कि इससे OBC युवाओं को हर भर्ती अथवा प्रवेश चक्र में नया प्रमाण पत्र बनवाने से मुक्ति मिलेगी।
इस निर्णय का स्वागत राष्ट्रीय OBC मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने किया। स्वागत करने वालों में आजम अहमद, लाल बिहारी यादव, शिवानंद काशी, विवेक कुमार, उर्मिला यादव, दिलीप वर्मा, राजेश प्रसाद, सिद्धनाथ सिंह, सुनील यादव, काशी अग्रवाल, राम अवतार कश्यप, कमलेश चौधरी, रवि प्रजापति, राज यादव, राम लखन साहू, रविंद्र कुमार, अनिल गंझू, अशोक कुमार कुशवाहा, उत्कर्ष कुमार, विष्णु सोनी, संतोष सोनी, रविंद्र लाल यादव एवं संतोष शर्मा सहित अनेक लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *