जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में नहीं बिकेंगे पटाखे, रांची नगर निगम ने NOC और अनुमति देने से किया साफ इनकार

SHARE:

रांची: दीपावली के अवसर पर पटाखा बिक्री को लेकर रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में पटाखा बिक्री के लिए किसी भी व्यक्ति या विक्रेता को अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) अथवा किसी प्रकार की अनुमति जारी नहीं की जाएगी।

नगर निगम की ओर से जारी आम सूचना में कहा गया है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम रांची नगर निगम की संपत्ति है और उक्त परिसर नगर निगम के स्वामित्व एवं नियंत्रणाधीन है। इसलिए यहां पटाखा बिक्री के लिए अस्थायी अनुज्ञप्ति या किसी अन्य प्रकार की अनुमति देने का कोई प्रावधान नहीं किया जाएगा।

अस्थायी दुकान और शेड लगाने पर भी रोक

नगर निगम ने पटाखा बिक्री के इच्छुक सभी विक्रेताओं और संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे स्टेडियम परिसर में पटाखा बिक्री के उद्देश्य से किसी भी प्रकार का अस्थायी शेड, दुकान या अन्य संरचना स्थापित नहीं करें। इसके साथ ही पटाखा बिक्री को लेकर किसी भी तरह की तैयारी भी शुरू नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई

रांची नगर निगम ने चेतावनी दी है कि जारी आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने विक्रेताओं एवं संबंधित लोगों से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। स्पष्ट शब्दों में इसे सख्त ताकीद बताते हुए निगम ने कहा है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में पटाखा बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *