रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित आवास में अरगोड़ा अंचल के राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक अनुसंधान में हत्या की वजह जमीन विवाद और नामांतरण (म्यूटेशन) से जुड़े मामलों में प्रतिकूल जांच रिपोर्ट सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को लक्ष्मीकांत मुंडा (38 वर्ष), पिता बंगाली मुंडा, निवासी दलकीडीह, थाना बुंडू, वर्तमान में अरगोड़ा अंचल में राजस्वकर्मी के पद पर कार्यरत थे। उनके जोरार स्थित आवास पर अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या 301/26, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 एवं 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में डीएसपी मुख्यालय प्रथम, डीएसपी हटिया, एसडीपीओ बुंडू सहित नामकुम, टाटीसिलवे, खरसीदाग समेत विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जमीन के नामांतरण विवाद में हत्या की साजिश
पुलिस की जांच के अनुसार, अरगोड़ा अंचल के मौजा बड़ा घाघरा स्थित खाता संख्या-29 की लगभग 96 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गोसाई परिवार की ओर से उक्त जमीन की अलग-अलग डीड के आधार पर बिक्री और नामांतरण (दाखिल-खारिज) कराने के लिए अरगोड़ा अंचल में कई आवेदन दिए गए थे।
इन आवेदनों की स्थल जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा ने निभाई थी। जांच के दौरान डीड सहित जमीन के मूल दस्तावेजों और वंशावली में अंतर पाए जाने के कारण उन्होंने कई नामांतरण मामलों में प्रतिकूल जांच रिपोर्ट दी थी। साथ ही अंचल अधिकारी को दाखिल-खारिज अस्वीकृत करने की अनुशंसा की थी।
इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर अंचल अधिकारी, अरगोड़ा द्वारा संबंधित जमीन के कई नामांतरण वाद अस्वीकृत कर दिए गए थे, जबकि कुछ मामले लंबित और प्रक्रियाधीन थे।
पुलिस के मुताबिक, नामांतरण नहीं होने के कारण जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। वहीं, जमीन के खरीदारों द्वारा आरोपियों पर नामांतरण और जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने का दबाव बनाया जा रहा था। इससे आरोपी राजस्वकर्मी की जांच रिपोर्ट से नाराज और आक्रोशित थे। इसी नाराजगी में षड्यंत्र रचकर लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य की तलाश
पुलिस ने इस मामले में तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
- प्रदीप गोसाई (38 वर्ष), पिता बृज गोसाई, निवासी बड़ा घाघरा देवी मंडप, थाना डोरंडा, रांची।
- अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई (34 वर्ष), पिता स्व. राकेश टोप्पो, निवासी डंगरा टोली, थाना लालपुर, रांची।
- सिन्दु कुमार गोसाई (31 वर्ष), पिता बृज गोसाई, निवासी बड़ा घाघरा देवी मंडप के पास, थाना डोरंडा, रांची।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर हत्या की साजिश और जमीन विवाद से जुड़े कारणों का खुलासा हुआ है।
तीन मोबाइल फोन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों भोला गोसाई, अमित सिंह और शैलेश के साथ अन्य अज्ञात संलिप्त अपराधियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है।
कई पुलिस अधिकारियों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस हत्याकांड के उद्भेदन में डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पाण्डेय, डीएसपी हटिया नीरज कुमार, एसडीपीओ बुंडू ओमप्रकाश, डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पा, टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारियों एवं तकनीकी शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
द रांची न्यूज़ स्कोप की विशेष रिपोर्ट
इस मामले ने एक बार फिर जमीन विवाद और राजस्व संबंधी मामलों में बढ़ते आपराधिक दबाव की गंभीरता को सामने ला दिया है। सरकारी दस्तावेजों की जांच और नियमानुसार रिपोर्ट तैयार करने वाले कर्मियों की सुरक्षा भी एक महत्वपूर्ण सवाल बनकर उभरी है। पुलिस की आगे की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।





