राँची नगर निगम द्वारा अक्टूबर माह से शहर में पशु कल्याण कार्यक्रम पुनः शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य स्ट्रीट डॉग्स का मानवीय तरीके से रेस्क्यू उपचार, एंटी-रेबीज टीकाकरण एवं पशु जन्म नियंत्रण सुनिश्चित करने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देना है। कार्यक्रम के तहत निगम में प्राप्त शिकायतों के निवारण तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पिछले 10 दिनों में 125 स्ट्रीट डॉग्स का एंटी रेबीज टीकाकरण एवं 50 कुत्तों की सफल नसबंदी की जा चुकी है।
इसके लिए चार वाहनों के माध्यम से दो मॉर्निंग टीम एवं एक इवनिंग टीम तैनात की गई है, जो रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड परिसर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों तथा शहर के गली-मोहल्लों में स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू का कार्य कर रही हैं।
राँची नगर निगम का लक्ष्य शहर को रेबीज-मुक्त बनाना तथा मानव-कुत्ता द्वंद्व को कम करते हुए नागरिकों और पशुओं के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व सुनिश्चित करना है। इस दिशा में नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
शहर में स्ट्रीट डॉग्स से संबंधित किसी भी समस्या, रेस्क्यू अथवा अन्य सहायता के लिए नागरिक निगम के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकते हैं या स्मार्ट राँची सिटीजन ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम द्वारा प्राप्त शिकायतों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





