रांची। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चयनित लाभुकों को जल्द अनुदान राशि उपलब्ध कराने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में योजना के क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर तैयार लाभुकों की सूची पर विचार-विमर्श के बाद उसे अनुमोदित किया गया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित लाभुकों को नियमानुसार जल्द से जल्द डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से अनुदान राशि हस्तांतरित की जाए। साथ ही, योजना के अंतर्गत निर्धारित परिसंपत्तियों का वितरण भी समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण में तेजी लाने पर जोर दिया।
साइबर ठगी से बचने के लिए लाभुकों को किया सतर्क
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के सभी चयनित लाभुकों से साइबर ठगी के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और फोन पर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
उन्होंने कहा कि लाभुक किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता विवरण, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी न दें। यदि योजना से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो, तो संबंधित विभागीय कार्यालय में जाकर ही संपर्क करें।
योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी से रहें सावधान
उपायुक्त ने लाभुकों को आगाह किया कि साइबर ठग सरकारी अधिकारियों या कर्मचारियों के नाम का इस्तेमाल कर फोन कर सकते हैं और योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसों या गोपनीय जानकारी की मांग कर सकते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या प्रलोभन पर भरोसा नहीं करें।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी निर्देश दिया कि वे लाभुकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि योजना के वास्तविक लाभुक किसी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हों।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित जिला पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
लाभुकों के लिए जरूरी संदेश: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का लाभ पाने के लिए किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंकिंग विवरण या गोपनीय जानकारी न दें। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए संबंधित सरकारी कार्यालय से संपर्क करें।
द रांची न्यूज़ स्कोप | खबर ही खबर





