रांची। गोंदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रशांत सिंह (27 वर्ष), पिता सूचित सिंह, निवासी गांधीनगर फेज-1, फ्लैट नंबर जी-1, ब्लैक डायमंड, थाना गोंदा, जिला रांची के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात गोंदा थाना क्षेत्र में वारंटियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि प्रशांत सिंह स्कूटी से मादक पदार्थ लेकर गांधीनगर की ओर आ रहा है। सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम कांके डैम के गार्डेन के मुख्य गेट के पास तैनात हो गई।
इसी दौरान रात करीब 10:05 बजे कांके डैम के फाटक की ओर से एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का निर्देश दिया। पुलिस के मुताबिक, स्कूटी सवार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उसे रोक लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रशांत सिंह बताया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के काले ट्राउजर की बाईं जेब से रबर में लिपटी प्लास्टिक की पुड़िया में ब्राउन शुगर बरामद हुई। ड्रग टेस्टिंग किट से इसकी जांच की गई। तलाशी की प्रक्रिया पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार बेसरा, सदर, रांची की उपस्थिति में पूरी की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोंदा थाना कांड संख्या 124/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत सिंह के खिलाफ पहले भी NDPS Act के तहत दो मामले दर्ज हैं।
- गोंदा थाना कांड संख्या 105/2021, दिनांक 20 दिसंबर 2021, धारा 21/22/27 NDPS Act।
- गोंदा थाना कांड संख्या 169/2023, दिनांक 27 दिसंबर 2023, धारा 21(बी) NDPS Act।
जब्त सामग्री
- 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर
- एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड सहित
- एक एक्टिवा स्कूटी, रजिस्ट्रेशन नंबर JH01EW5982
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी एवं कर्मी
कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार बेसरा, गोंदा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अभय कुमार सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक कैलाश बाड़ा, राजू कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी एवं संजय कुमार प्रसाद तथा आरक्षी दुर्गेश कुमार और ललित उरांव शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।





