रांची डीसी के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 90% दिव्यांग कुलवंश महतो को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

SHARE:

रांची। दुर्गापूजा के बाद सोमवार को समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद, पंजी-2 में सुधार, पेंशन भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें और अनावश्यक देरी न करें।

90 प्रतिशत दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

जनता दरबार में ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को डीसी ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की। इससे उनके आवागमन में सुविधा मिलेगी और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ट्राईसाइकिल मिलने पर कुलवंश महतो ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने यूट्यूब पर डीसी के जनहितकारी कार्यों के बारे में देखा था। जनता दरबार में आने के बाद उनका काम हो गया और उन्हें निराश होकर वापस नहीं लौटना पड़ा।

जमीन और राजस्व संबंधी मामलों के निष्पादन का निर्देश

जनता दरबार में दाखिल-खारिज, अवैध कब्जा हटाने, ऑनलाइन लगान रसीद जारी करने और पंजी-2 में त्रुटियों के सुधार से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मामलों की समीक्षा कर नियमानुसार जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों के साथ राजस्व संबंधी मामलों का भी नियमित निष्पादन करने पर जोर दिया गया।

राजस्व कर्मचारी की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

अरगोड़ा अंचल के कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मुंडा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभिन्न अंचलों के राजस्व कर्मचारी भी डीसी से मिले। डीसी ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही, मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत

जनता दरबार में आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत भी सामने आई। डीसी ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पेंशन भुगतान जल्द होने की उम्मीद

वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान लंबित रहने की शिकायत लेकर भी कई आवेदक जनता दरबार पहुंचे। डीसी ने बताया कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *