गोड्डा के महागामा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, पांच आरोपी गिरफ्तार उर्जानगर मेला देखकर लौट रही थी पीड़िता, पुलिस ने छीनी गई चांदी की चेन भी बरामद की

SHARE:

गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और चांदी की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में से एक मोहसिन अंसारी के घर से पीड़िता की छीनी गई चांदी की चेन भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात की है। पाकुड़ जिले की रहने वाली नाबालिग लड़की अपनी मौसी के घर आई हुई थी। वह उर्जानगर मेला घूमने के बाद अपने दो रिश्तेदारों के साथ वापस लौट रही थी। इसी दौरान जियाजोरी जंगल के समीप पांच से छह लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसके गले से चांदी की चेन छीन ली गई।

पांच आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में कथित रूप से संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन अंसारी (22), पिता नूर मोहम्मद अंसारी; मो. जहूर अंसारी (27), पिता साबेद अंसारी; मो. अवाज अंसारी (19), पिता मो. हकानी अंसारी; मो. मोतीम अंसारी (19), पिता इस्लाम अंसारी; और मो. परवेज अंसारी (20), पिता जलालुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। सभी आरोपी गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के जियाजोरी गांव के निवासी बताए गए हैं।

पीड़िता की चांदी की चेन बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मोहसिन अंसारी के घर से पीड़िता की छीनी गई चांदी की चेन बरामद की है। मामले में महागामा थाना कांड संख्या 186/2026, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 304(2), 115(2), 352 एवं 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, महागामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद, ललमटिया थाना प्रभारी रौशन सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक शशिकांत, बिनय कच्छप, जुगनु महथा, अनुप कुमार साहू, सहायक अवर निरीक्षक उमेश प्रजापति, महाबीर उरांव, निर्मल कुमार पाण्डेय, अशोक कुमार यादव सहित महागामा और ललमटिया थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर छीनी गई चांदी की चेन बरामद कर ली गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

The Ranchi News Scope की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

(DM for advertisements and news 9504248132 whatspp))FOL LOw For MORE reels & NEWS

follow me@theranchinewsscope

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *