गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता: चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

पथरगामा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले का खुलासा, तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

गोड्डा, 17 अक्टूबर। गोड्डा जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पथरगामा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की एक स्प्लेंडर और एक यामाहा R15 मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात पथरगामा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से तीन मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिली थी। इनमें विषाहा गांव से काले रंग की पल्सर, रजौन हटिया से स्प्लेंडर और दिग्घी छाता मेला से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल थी। इस मामले में सरजीत मंडल के आवेदन पर पथरगामा थाना कांड संख्या 106/26, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

तकनीकी साक्ष्य के आधार पर हुई गिरफ्तारी

मामले के उद्भेदन और चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 17 अक्टूबर को रजौन मोड़, विषाहा स्थित एक निर्माणाधीन मकान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशन कुमार कापरी, पिता अशोक कापरी, निवासी निमावरण चरका, थाना पथरगामा और आशीष कुमार, पिता रविन्द्र साह, निवासी विषाहा, थाना पथरगामा, जिला गोड्डा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गुलशन कुमार कापरी के पास से पथरगामा थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर JH17V7664) बरामद की गई। वहीं, आशीष कुमार के पास से गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 189/26 में चोरी गई यामाहा R15 मोटरसाइकिल बरामद हुई।

चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की बात आई सामने

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने बयान में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

गोड्डा पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और डकैती जैसी संपत्ति संबंधी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक दिनेश कुमार महली, पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साह, गोड्डा नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार ठाकुर, सहायक अवर निरीक्षक गौरव कुमार यादव तथा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *