गोड्डा: पोड़ैयाहाट फायरिंग कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

SHARE:

दुकान की प्रतिस्पर्धा और आपसी विवाद में फायरिंग करने का आरोप, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी

गोड्डा, 17 अक्टूबर। गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के चतरा गांव में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन यादव (35 वर्ष), पिता मुसा यादव और मनीष यादव (18 वर्ष), पिता चंदन यादव, दोनों निवासी ग्राम चतरा, थाना पोड़ैयाहाट, जिला गोड्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा एक खोखा भी बरामद सामग्री में शामिल है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे चतरा गांव में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें दो व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गए थे। मामले में सुबोध महतो, पिता धोकल महतो, निवासी चतरा के लिखित आवेदन के आधार पर पोड़ैयाहाट थाना कांड संख्या 119/2026, दिनांक 17 अक्टूबर 2026, धारा 109/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत चंदन यादव और अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई छापेमारी टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जय प्रकाश नारायण चौधरी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए मामले में कथित रूप से संलिप्त चंदन यादव और मनीष यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, दुकान की प्रतिस्पर्धा और छोटी-मोटी बातों को लेकर उनके बीच विवाद होता रहता था। इसी विवाद के कारण जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

पहले से भी दर्ज है मामला

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास में पोड़ैयाहाट थाना कांड संख्या 104/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026 का मामला भी दर्ज है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल

छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जय प्रकाश नारायण चौधरी, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी महाबीर पंडित, देवडांड़ थाना प्रभारी अमित मार्की, पुलिस अवर निरीक्षक निर्मल कुमार मंडल, राम बिनय सिंह, कृष्ण प्रसाद मंडल, सहायक अवर निरीक्षक ज्योति कुमार तिवारी और पोड़ैयाहाट थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *