देवघर में गणेश पूजा के दौरान गोलीकांड का खुलासा, बाबा गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

देवघर: नगर थाना क्षेत्र में गणेश पूजा के दौरान हुए गोलीकांड के मामले में देवघर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाबा गिरोह से जुड़े दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उज्जवल कुमार झा (22 वर्ष) और अभय गिरी उर्फ अभय भारद्वाज (लगभग 24 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 14-15 सितंबर 2026 की रात बरियार बांधी स्थित बम्पास टाउन के समीप गणेश पूजा के अवसर पर स्थापित पंडाल के पीछे पार्टी का आयोजन किया गया था। इसी दौरान चंदन यादव के साथ अंकित झा उर्फ ब्रशली के कंधे पर हाथ रखने को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के बाद अंकित झा की पिस्टल लेकर अभय गिरी और उज्जवल झा ने चंदन यादव पर फायरिंग कर दी। गोली चंदन यादव की जांघ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

इलाज के बाद चंदन यादव के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 389/2026, दिनांक 02 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पूछताछ में अपराध स्वीकारने का पुलिस का दावा

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी उज्जवल कुमार झा एवं अभय गिरी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि बाबा गिरोह के सक्रिय सदस्य आदर्श झा, अंकित झा एवं अभय गिरी के इशारे पर इलाके में भय कायम करने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उज्जवल कुमार झा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर गोलीकांड की जिम्मेदारी भी ली थी।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार अभय गिरी के विरुद्ध नगर एवं मोहनपुर थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 11 मामले दर्ज हैं।

वहीं उज्जवल कुमार झा के विरुद्ध नगर थाना कांड संख्या 218/2021 में हत्या एवं आपराधिक साजिश तथा रिखिया थाना कांड संख्या 224/2023 में हत्या से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

छापेमारी टीम

कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी देवघर, नगर थाना प्रभारी पु०नि० रवि ठाकुर, पु०अ०नि० घनश्याम गंझू, पु०अ०नि० सूरज कुमार, स०अ०नि० अरविन्द कुमार सिंह, तकनीकी शाखा देवघर एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

देवघर पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कार्रवाई एवं जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *