हजारीबाग: जिले में अपराधियों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार 04 अक्टूबर 2026 की रात जिलेभर में फरार अपराधियों, वारंटियों एवं विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व जिले के विभिन्न पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों द्वारा किया गया। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 31 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें करीब 123 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे।
33 अभियुक्त गिरफ्तार
विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 33 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 08 वारंटों का भी निष्पादन किया गया।
पुलिस के इस विशेष अभियान से फरार एवं वांछित अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
आम लोगों से पुलिस की अपील
हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई ऐसा आपराधिक तत्व मौजूद है, जो गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना को दें। पुलिस द्वारा सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हजारीबाग पुलिस की कार्रवाई का संदेश साफ है—फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





