रांची में SIR को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, संशोधित दिशा-निर्देशों की दी गई जानकारी

SHARE:

रांची, 1 अक्टूबर 2026। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित सभागार में हुई बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR-2026 के तहत जारी संशोधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। बताया गया कि No Mapping एवं Anomalies के कारण जिन मतदाताओं या नागरिकों को नोटिस जारी किया गया है, उनके मामलों में संबंधित BLO घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे और उन्हें ECINet/BLO App पर अपलोड करेंगे। इसके आधार पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि नोटिस प्राप्त करने वाले नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाए। बैठक में इस प्रक्रिया से संबंधित विभागीय वीडियो के माध्यम से भी जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित मतदाताओं या नागरिकों को सुनवाई के लिए अनिवार्य रूप से निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में बुलाने की आवश्यकता नहीं है। केवल असाधारण परिस्थितियों में ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को सुनवाई के लिए अधिकृत भी कर सकता है।

बैठक के दौरान उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अनुशासनहीनता करने वाले BLO के विरुद्ध नियमसंगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने BLO को संबंधित BLA-2 के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने को भी कहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *