रांची, 1 अक्टूबर। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए आम लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान छठ महापर्व के अवसर पर शहर के छठ घाटों पर सुबह और शाम अर्घ्य के दौरान छठ गीतों की प्रस्तुति को लेकर भी चर्चा हुई।
रांची नगर निगम के विभिन्न वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी उपायुक्त से मुलाकात कर जनोपयोगी समस्याओं से अवगत कराया। इनमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वंशावली सत्यापन, पेंशन योजनाओं में देरी, राशन कार्ड एवं पीडीएस से जुड़ी समस्याएं तथा दुर्गा पूजा के दौरान लाइट व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
टाना भगत संघ के प्रतिनिधियों ने रखीं जमीन संबंधी समस्याएं
राष्ट्रीय स्वतंत्रता सेनानी टाना भगत संघ के प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों के साथ जमीन के दाखिल-खारिज से संबंधित समस्याएं भी रखीं। मामले में अपर समाहर्ता, रांची को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं माहेर आश्रम, बीजू पाड़ा में अध्ययनरत बच्चों को वर्तमान शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक आश्रम में रहने की अनुमति देने को लेकर भी चर्चा हुई। जिला प्रशासन की ओर से मानवीय एवं शैक्षणिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अनुकूल निर्णय का आश्वासन दिया गया।
एक आवेदक ने जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड उपलब्ध होने तक अपनी बेटी के प्रोविजनल एडमिशन की अनुमति देने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची को संबंधित स्कूल प्रशासन से समन्वय कर सहानुभूतिपूर्वक एवं शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिला परिषद रांची की सदस्य श्रीमती सरीता देवी ने DMFT मद से योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उपायुक्त ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास से संबंधित प्रस्तावों पर तेजी से अमल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।





