रांची के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर, जिला निर्यात संवर्धन समिति की बैठक

SHARE:

रांची, 25 सितंबर 2026। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन समिति (DEPC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रांची के स्थानीय उत्पादों एवं सेवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने तथा जिले में निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में निर्यात योग्य उत्पादों की पहचान, उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, बाजार उपलब्धता, आपूर्ति श्रृंखला और लॉजिस्टिक्स जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों एवं संबंधित हितधारकों को जिले के ऐसे उत्पादों और सेवाओं की पहचान करने का निर्देश दिया गया, जिनकी देश-विदेश के बाजार में मांग और निर्यात की संभावनाएं हैं।

तैयार होगा जिला-विशिष्ट एक्शन प्लान

बैठक में रांची के लिए District Export Action Plan (DAP) तैयार करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत संभावित निर्यात योग्य उत्पादों की पहचान कर स्थानीय स्तर पर आने वाली बाधाओं को दूर करने, उत्पादकों को संभावित बाजारों से जोड़ने तथा निर्यात प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित निर्यात योग्य उत्पादों से संबंधित आवश्यक आंकड़े और जानकारी जुटाकर उद्योग संगठनों, निर्यात संवर्धन परिषदों, बैंकों और अन्य संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता, मानकीकरण, पैकेजिंग और प्रमाणन से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा कराने की दिशा में भी पहल करने को कहा गया।

रोजगार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने से रोजगार सृजन, उद्यमिता को बढ़ावा देने और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

बैठक में जिला उद्योग केंद्र, DGFT कोलकाता, FJCCI रांची, Lead Bank Manager, उद्योग एवं MSME विभाग, FIEO, JSIA, Laghu Udyog Bharti, NABARD, SIDBI, ECGC, EXIM Bank, Dak Ghar Niryat Kendra, APEDA और SHEFEXIL सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *