रांची, 25 सितंबर 2026: नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा और सरकारी सेवाओं में प्राइवेसी गवर्नेंस को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा स्थित न्यू ऑडिटोरियम में “डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट, 2023 एवं डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन रूल्स, 2025” विषय पर विभागीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का आयोजन भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अधीन सी-डैक, कोलकाता ने झारखंड सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग के समन्वय से किया।
आईटी निदेशक सुश्री माधवी मिश्रा ने कहा कि DPDP Act का उद्देश्य नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नागरिक सरकार पर भरोसा कर अपना डेटा साझा करते हैं और इस विश्वास की रक्षा करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। डिजिटल गवर्नेंस के विस्तार के साथ डेटा सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़ी नई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित करना आवश्यक है।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, आईटी विशेषज्ञ और प्रशासनिक पदाधिकारी शामिल हुए। विशेषज्ञों ने Data Fiduciary के दायित्व, Data Principal के अधिकार, Consent Management, शिकायत निवारण, डेटा उल्लंघन (Data Breach) और Privacy by Design जैसे विषयों पर जानकारी दी।
केस स्टडी, प्रेजेंटेशन और इंटरएक्टिव सत्रों के माध्यम से अधिकारियों को डेटा सुरक्षा और प्राइवेसी अनुपालन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। साइबर जोखिमों और डेटा लीक से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर सी-डैक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री मृण्मय दास, हैदराबाद से एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. चास मूर्ति तथा MeitY के पूर्व जीसी साइबर लॉ डॉ. संदीप चटर्जी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और डेटा पॉलिसी एवं प्राइवेसी गवर्नेंस के विभिन्न आयामों पर विचार साझा किए।
कार्यशाला में अधिकारियों को DPDP Act, 2023 और Rules, 2025 के प्रमुख प्रावधानों और अनुपालन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य बिंदु
- DPDP Act, 2023 एवं Rules, 2025 की जानकारी
- Data Fiduciary के दायित्व और Data Principal के अधिकार
- Consent Management एवं कानूनी प्रक्रिया
- शिकायत निवारण और Data Breach
- Privacy by Design और इसके व्यावहारिक क्रियान्वयन
- साइबर सुरक्षा एवं डेटा गोपनीयता को मजबूत करने के उपाय





