देवघर पुलिस की साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, चार गिरफ्तार

SHARE:

देवघर, 20 सितंबर 2026: देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के आदेश पर तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक, साइबर अपराध कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश में की गई।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले में कुछ लोग फर्जी तरीके से Flipkart/Amazon कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank अधिकारी तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा PM किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से ऑनलाइन ठगी किए जाने की जानकारी मिली थी।

सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में मंटु दास (38), उपेन्द्र कुमार दास (28), देवानन्द दास (22) और अंशु कुमार दास (22) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी देवघर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।

ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe, Paytm कस्टमर केयर और IRCTC अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके बाद PhonePe Gift Card बनवाकर उसे रिडीम करने के माध्यम से ठगी की जाती थी।

इसके अलावा फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर कार्ड बंद होने की बात कहकर तथा उसे दोबारा चालू कराने में सहायता के नाम पर भी लोगों को झांसे में लिया जाता था।

7 मोबाइल और 6 सिम बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने के संकेत मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अंशु कुमार दास पूर्व में साइबर थाना देवघर कांड संख्या 65/2025 में आरोप-पत्रित है।

छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र कुमार मंडल तथा देवीपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *