हिंदी दिवस पर प्रमंडलीय राजभाषा कार्यालय में भव्य कार्यक्रम, हिंदी को विज्ञान और रोजगार से जोड़ने पर जोर

SHARE:

रांची, 14 सितंबर 2026। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय राजभाषा कार्यालय, रांची में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह और कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की।

उपायुक्त ने कहा कि “हिंदी कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक पूरे देश को एक सूत्र में पिरोती है।” उन्होंने हिंदी को केवल संचार की भाषा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम बताया।

उन्होंने मातृभाषा में अध्ययन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों और किशोरों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलता है। एआई के दौर में मौलिक चिंतन और भाषा की समृद्धि को बनाए रखना चुनौती है। ऐसे में हिंदी को विज्ञान, नवाचार, शोध और रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की जरूरत है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत से हुई। उप निदेशक राजभाषा रविशंकर मिश्रा ने संचालन एवं स्वागत भाषण दिया, जबकि विशिष्ट अतिथि संजय कुमार भगत ने भी अपने विचार रखे।

इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में डॉ. जंगबहादुर पाण्डेय, डॉ. राजश्री जयन्ती, डॉ. सुरिन्दर कौर “नीलम”, नसीर अफसर, नरेश कुमार बंका, शालिनी नायक, सदानन्द सिंह यादव, सूरज श्रीवास्तव, डॉ. रजनी शर्मा “चन्दा” और डॉ. विनोद सिंह गहरवार ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।

कार्यक्रम में सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, उप परिवहन आयुक्त अजय कुमार रजक, उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक सुमन सहित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समापन आयुक्त के सचिव, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रविन्द्र कुमार गगराई के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। समारोह ने हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और हिंदी को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *