हिंदी दिवस पर एटीआई में व्याख्यान और काव्यपाठ

SHARE:

रांची, 14 सितंबर 2026। हिंदी दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से एटीआई सभागार में व्याख्यान एवं काव्यपाठ समारोह आयोजित किया गया।

विभागीय सचिव प्रवीण टोप्पो ने कहा कि “सुशासन की असली पहचान सरल हिंदी, सुगम प्रक्रियाएं और पारदर्शी व्यवस्था से होती है।” उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकारी कामकाज में अनावश्यक कठिन शब्दों और जटिल प्रक्रियाओं को कम कर आम नागरिकों के लिए सेवाओं को आसान बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं, समयबद्ध निस्तारण और शिकायतों की निगरानी में तकनीक के इस्तेमाल से शासन अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन रहा है। इससे जनता का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है।

कार्यक्रम में विभिन्न साहित्यकारों और विद्वानों ने हिंदी की समृद्धि, संवेदनशीलता और व्यापकता पर विचार रखे। वक्ताओं ने हिंदी को जनसरोकार और सांस्कृतिक एकता का माध्यम बताते हुए कहा कि लोकभाषाओं और बोलियों के योगदान से हिंदी लगातार समृद्ध हुई है।

काव्यपाठ में सामाजिक सरोकार, राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक विविधता और समकालीन विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत की गईं। विद्वानों ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वैश्विक स्तर पर भी हिंदी का स्वरूप निरंतर विकसित हो रहा है।

समारोह में डॉ. जिंदर सिंह मुंडा, डॉ. केदार सिंह, डॉ. वंदना टेटे, डॉ. सावित्री बड़ाईक और डॉ. कुमारी उर्वशी सहित कई साहित्यकार एवं हिंदी विद्वान उपस्थित रहे। स्वागत संबोधन उप सचिव श्री संजय रजक ने किया। कार्मिक विभाग से संयुक्त निदेशक आसिफ हसन, इश्तियाक अहमद तथा एटीआई से श्रीमती शालिनी खलखो और अपर निदेशक श्रीमती सीमा सिंह की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का समापन हिंदी के प्रचार-प्रसार और संवर्धन के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *