रांची में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

SHARE:

रांची, 13 सितंबर 2026: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और आयोजकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

गाइडलाइन में पंडाल की संरचना, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, CCTV, ध्वनि प्रदूषण, स्वयंसेवकों की तैनाती, स्वच्छता और विसर्जन से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्देश:

  • पंडाल को गैस गोदाम, ट्रांसफॉर्मर, विद्युत/हाईटेंशन तार और रेलवे लाइन से सुरक्षित दूरी पर बनाया जाए।
  • ज्वलनशील व सिंथेटिक कपड़ों के इस्तेमाल से बचने को कहा गया है।
  • महिला-पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास तथा आपातकालीन निकास की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
  • पंडाल की विद्युत वायरिंग, अर्थिंग और जनरेटर की व्यवस्था सुरक्षित तरीके से करनी होगी।
  • विद्युत कनेक्शन के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड से स्वीकृत भार के अनुसार कनेक्शन लेना होगा।
  • पंडाल में अग्निशमन यंत्र, पानी, सूखी बालू और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखनी होगी तथा अग्नि सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्राप्त करना होगा।
  • रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर भी रोक रहेगी।
  • पंडाल और आसपास पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाकर उनकी मॉनिटरिंग की व्यवस्था करनी होगी।
  • स्वयंसेवकों को परिचय-पत्र जारी कर उनकी सूची संबंधित थाना प्रभारी को देनी होगी।
  • फूड स्टॉल और मेला सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से तथा पंडाल से पर्याप्त दूरी पर संचालित किए जाएंगे।
  • श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार, अफवाह फैलाने और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट से बचने की हिदायत दी गई है।
  • विसर्जन केवल निर्धारित तिथि, समय, मार्ग और प्रशासन द्वारा चिन्हित घाट/स्थल पर किया जाएगा।
  • बसों व बड़े वाहनों की छत पर लोगों के बैठने तथा 4 मीटर (13 फीट) से अधिक ऊंचाई वाली सामग्री/झंडा लगाने पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन करना होगा।

जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और प्रशासन व पुलिस को सहयोग देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *