राँची। राजधानी राँची में एक ही रात में हत्या, लूट और चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत कुल चार मोबाइल फोन और घटना के समय पहने कपड़े व चप्पल बरामद किए हैं।
मामला 26 अगस्त 2026 का है। औघड़ बाबा आश्रम के बगल झाड़ी में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान 32 वर्षीय उपेंद्र कुमार मिश्रा, पिता त्रिलोकीनाथ मिश्रा, निवासी कुम्हार टोली कृष्णावाड़ी, थाना सुखदेवनगर, राँची के रूप में हुई।
परिजनों के लिखित आवेदन पर कोतवाली थाना में कांड संख्या 189/26, दिनांक 26 अगस्त 2026 के तहत हत्या और मोबाइल व मोटरसाइकिल लूटने का मामला दर्ज किया गया।
एक ही रात में तीन वारदातों से पुलिस के उड़े होश
जांच के दौरान पुलिस को अरगोड़ा थाना क्षेत्र में भी इसी रात हुई दो अन्य घटनाओं की जानकारी मिली। सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक को चाकू मारकर मोबाइल लूटने का मामला अरगोड़ा थाना कांड संख्या 230/26 के रूप में दर्ज किया गया।
वहीं, अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बसंत बिहार रोड नंबर-05 स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में घुसकर मोबाइल चोरी करने की घटना भी सामने आई। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 232/26 दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को तीनों घटनाओं में समानता मिली। पुलिस के अनुसार, तीनों वारदातें एक ही रात में और एक ही तरह की अपराध शैली अपनाकर की गई थीं। अपराधियों की कार्यशैली शातिर और खतरनाक होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
SIT ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल रॉय के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया।
SIT ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर, पिता श्रवण कुमार तांती, निवासी विद्यानगर रोड नंबर-01, कुम्हार टोली, थाना सुखदेवनगर, राँची।
2. राकेश कुमार यादव, पिता सिंगेश्वर राय, निवासी न्यू आनंदपुरी चौक, छठ घाट, विद्यानगर, हरमू, थाना सुखदेवनगर, राँची।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटे और चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए।
चार मोबाइल और चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें मृतक और ट्रक चालक से लूटे गए मोबाइल, मजदूर से चोरी किया गया मोबाइल तथा एक की-पैड मोबाइल शामिल है।
इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया फोल्डेबल स्टेनलेस स्टील चाकू, दोनों आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए हैं।
पहले भी जेल जा चुका है सुजीत
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर, अरगोड़ा और चुटिया थाना में चोरी, लूट और NDPS एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
वहीं, राकेश कुमार यादव के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है और वह भी पूर्व में जेल जा चुका है।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक ही रात में हुई हत्या, लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस आगे भी जांच कर रही है और अन्य संभावित घटनाओं में दोनों की संलिप्तता की पड़ताल की जा रही है।





