चतरा में फायरिंग कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; देसी कट्टा, कारतूस और चाकू बरामद

SHARE:

चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बिण्ड मोहल्ला स्थित शहादत चौक में 16 अगस्त को हुई फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ था। मामले को लेकर सदर थाना कांड संख्या 346/2026, दिनांक 17 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

कांड की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 30 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले में शामिल दो आरोपी चतरा से कुल्लू मोड़ होते हुए हजारीबाग की ओर भागने वाले हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि उनमें से एक के पास अवैध हथियार है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चतरा सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल्लू मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अकबर उर्फ रोहित, निवासी शहादत चौक, सदर थाना क्षेत्र, चतरा और मो. समीर कुरैशी, निवासी शहादत चौक, सदर थाना क्षेत्र, चतरा के रूप में हुई है।

आरोपियों के पास से बरामदगी

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से:

* एक देसी कट्टा
* दो जिंदा कारतूस
* एक पल्सर मोटरसाइकिल (JH 13A-8730)
* दो मोबाइल फोन
* एक चाकू

बरामद किया है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार मो. अकबर उर्फ रोहित के खिलाफ सदर थाना में वर्ष 2019 और 2022 में मामले दर्ज हैं।

वहीं मो. समीर कुरैशी के खिलाफ सदर थाना में वर्ष 2021 से 2025 तक कुल सात मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें मारपीट, हत्या के प्रयास, पशु क्रूरता, गौवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव समेत पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *