राँची: राँची पुलिस ने नशीले मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 570 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि रातू थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित हाजी चौक के पास कुछ तस्करों द्वारा प्रतिबंधित कफ सिरप की ऊँचे दामों पर अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (मु.) द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातू थाना क्षेत्र के फुटकल टोली, बोस नगर स्थित केयरिंग हैंड्स हॉस्पिटल के पास एक सुनसान स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया, जो 05 कार्टून में 100 एमएल की कुल 570 बोतल WINGS ONEREX CODINE COUGH SYRUP की डिलीवरी देने के लिए वहां मौजूद थे।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने राँची के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिबंधित कफ सिरप को ऊँचे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
- वहाजुल अंसारी (32 वर्ष) — ग्राम जिपुवा मुरपा, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार।
- शहनवाज अंसारी (29 वर्ष) — हाजी चौक सिमलिया, थाना रातू, जिला राँची।
- नईम अंसारी (29 वर्ष) — फुटकल टोली, सिमलिया, थाना रातू, जिला राँची। स्थायी पता ग्राम मेलाटॉड़, थाना एवं जिला खूंटी।
बरामदगी
यह कार्रवाई रातू थाना कांड संख्या 279/26, दिनांक 20.08.2026, धारा 317(5) बीएनएस एवं 21(C) NDPS Act के तहत की गई है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मु.) द्वितीय अजय आर्यन सहित दलादली टीओपी, ठाकुरगाँव थाना, पुन्दाग ओपी और रातू थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।







