देवघर: साइबर अपराधियों के खिलाफ देवघर पुलिस की लगातार कार्रवाई के तहत पथरड्डा ओपी क्षेत्र से 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 22 मोबाइल फोन और 19 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 20 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा ओपी क्षेत्र में साइबर अपराधी फर्जी तरीके से Flipkart/Amazon Pay कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank पदाधिकारी, Google पर PhonePe कस्टमर केयर और PM किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर 10 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी में किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बरामद मोबाइल नंबरों एवं IMEI नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
इस तरह करते थे साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बनाते थे। वे Google Pay, PhonePe और Paytm के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी की जाती थी।
आरोपी खुद को Airtel Payment Bank का अधिकारी बताकर भी लोगों को झांसे में लेते थे। Airtel Thanks App के माध्यम से कार्ड बंद करने के बाद उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर उपभोक्ताओं से संपर्क कर ठगी की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में लोबिन दास, बबलू कुमार दास, झूलन दास, अजय कुमार दास, राहुल, सफाउला अंसारी, अजीत दास, रमेश कुमार दास, आशीष दास और सिंटु कुमार दास शामिल हैं। सभी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
बरामद सामान
- 22 मोबाइल फोन
- 19 सिम कार्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार दास और रमेश कुमार दास पूर्व में क्रमशः देवघर साइबर थाना कांड संख्या 103/21 और 67/21 में आरोपित रह चुके हैं।
छापामारी टीम में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक बिशेश्वर कुमार, पथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम सहित पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल रही।
देवघर पुलिस द्वारा मामले में आगे की तकनीकी जांच की जा रही है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों एवं नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।






