रांची/सिल्ली। मोबाइल टावरों में लगे उपकरण एवं केबल चोरी करने वाले गिरोह का सिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात सिल्ली थाना क्षेत्र के ग्राम जामटोली स्थित इंडस टावर से चोरों ने पावर केबल चोरी कर लिया था। इस संबंध में इंडस टावर लिमिटेड के तकनीशियन द्वारा लिखित शिकायत दिए जाने के बाद सिल्ली ओपी कांड संख्या 49/2026, दिनांक 28.07.2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रांची के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली मनीषचन्द्र लाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में
- विशाल चटर्जी (23 वर्ष), निवासी तेलीडीह नवादा कॉलोनी, चास, बोकारो।
- अंकित कुमार (23 वर्ष), निवासी मकान संख्या-174/E, चंद्रवंशी नगर, थाना चास, बोकारो।
- अभय कुमार पाल (35 वर्ष), निवासी कुंवर सिंह कॉलोनी, चास, बोकारो।
- आदित्य साहू (19 वर्ष), निवासी सेक्टर-4 बी, गुमला कॉलोनी, थाना सेक्टर-4, बोकारो।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने टावर से चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान को बरामद किया गया।
बरामद सामान
- एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर JH09BN2652
- करीब 8 किलोग्राम तांबे के तार एवं अन्य सामान
- करीब 3.5 किलोग्राम तांबे के तार एवं अन्य सामग्री
- काले रंग के कॉपर तार का कबाड़
पुलिस ने बताया कि मोबाइल टावरों से उपकरण और केबल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार तकनीकी निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।






