रांची। आदिवासी महोत्सव-2026 के आयोजन से एक दिन पहले जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मोरहाबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉल, प्रवेश एवं निकास द्वार, मंच क्षेत्र, दर्शक दीर्घा और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, स्टॉल की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था की जांच और आपातकालीन निकास मार्गों को पूरी तरह साफ रखने पर जोर दिया। वहीं, SSP राकेश रंजन ने CCTV निगरानी मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और प्रवेश द्वारों पर सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
यातायात पुलिस को महोत्सव के दौरान मोरहाबादी मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा वैकल्पिक मार्गों का समुचित प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
09 और 10 अगस्त को आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक नृत्य-संगीत, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी की है।






