राहे थाना हत्याकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद

SHARE:

रांची: राहे थाना क्षेत्र के पारमडीह ढुंगरीटोला में अज्ञात व्यक्ति की हत्या के मामले का रांची पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को पारमडीह ढुंगरीटोला के सुनसान इलाके में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या की सूचना मिली थी। इस संबंध में राहे थाना कांड संख्या 18/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बुंडू) ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान कंचन महतो, पिता सदानंद महतो, निवासी गोढ़ा, थाना सिल्ली, जिला रांची के रूप में हुई। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने रमन दास उर्फ रामदूत (19), फागु तेली (20) और षष्टी कुमार दास (19) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पैसों की तंगी के कारण लूट की योजना बना रहे थे और नशे की हालत में थे। इसी दौरान मृतक से गाली-गलौज होने पर गुस्से में आकर फरसा से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है तथा कांड के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में बुंडू अनुमंडल पुलिस, राहे, बुंडू, सोनाहातू, दशम फॉल थाना एवं तकनीकी शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *