रांची: खलारी थाना क्षेत्र से लापता हुए तीन बच्चों को पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को खलारी थाना में तीन बच्चों की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी राम नारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर व्यापक तलाश अभियान चलाया। करीब 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने गढ़वा रोड-हैदरनगर जंक्शन (रेहला) से तीनों बच्चों को एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सिंह (पिता: अशरेश सिंह), निवासी ग्राम बरेवा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह बच्चों को खलारी रेलवे स्टेशन से बहला-फुसलाकर गलत नियत से अपने साथ ले जा रहा था।
बरामद बच्चों में 11 वर्षीय शिवा कुमार, 8 वर्षीय मंगल कुमार और 7 वर्षीय मेघा कुमारी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया है, जबकि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी, थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा सहित खलारी थाना की विशेष पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






