चतरा, 4 अगस्त। चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 1,298.88 लीटर विदेशी शराब से लदे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन पीछा किए जाने पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक और सह-चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की रात करीब 9:40 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अवैध अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक चतरा के रास्ते बिहार की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर ग्राम शेरेगड़ा के पास वाहन जांच के दौरान रात करीब 11:15 बजे एक तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक (UP37T-5050) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, चालक ने ट्रक को लापरवाही से चलाते हुए पेट्रोलिंग पार्टी को कुचलने की कोशिश की और घाटी की ओर भाग निकला। संघरी घाटी के पास चालक और सह-चालक चलती गाड़ी से कूदकर जंगल की ओर फरार हो गए, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
तलाशी के दौरान ट्रक से रॉयल ग्रीन और रॉयल चैलेंज ब्रांड की कुल 3,700 बोतलें (1,298.88 लीटर) विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। ट्रक के केबिन से वाहन संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य कागजात भी बरामद किए गए।
इस मामले में ट्रक मालिक, चालक और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सदर थाना कांड संख्या-321/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अनिल उरांव, राहुल सिंह, रवि रंजन कुमार, प्रवीण कुमार सहित सदर थाना के पुलिस बल एवं चौकीदारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






