चतरा, 4 अगस्त। चतरा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक लीटर पेट्रोल, माचिस, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक कुंदा से प्रतापपुर-जोरी होते हुए भुईयाँडीह क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
प्रतापपुर-कुंदा मुख्य मार्ग पर ग्राम बलवादोहर के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र गंझु (22), ग्राम कोजरम, थाना कुंदा और संजय गंझु (20), ग्राम करिल गड़वा, थाना कुंदा के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे भाकपा (माओवादी) संगठन के जोनल कमांडर मनोहर गंझु के कहने पर भुईयाँडीह घाटी में फायरिंग और मालवाहक वाहनों में आगजनी कर दहशत फैलाने जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक लीटर पेट्रोल, माचिस, मोटरसाइकिल (JH01DS-4698) और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतापपुर थाना कांड संख्या-69/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सुरेंद्र गंझु का पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में नाम दर्ज है।






