रांची: जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के महरा टोली रेलवे कॉलोनी में छोटे भाई की निर्मम हत्या करने के मामले का रांची पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी बड़े भाई सूरज उरॉव (29) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का चापड़ और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे मृतक आकाश उरॉव (22) अपने घर में पत्नी के साथ सो रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई सूरज उरॉव घर पहुंचा और पहले आकाश की पत्नी को धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद लोहे के चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर आकाश की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया।
घटना के संबंध में मृतक की मां धनिया तिर्की के लिखित आवेदन पर जगरनाथपुर थाना कांड संख्या-216/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया विवाद का कारण
पुलिस अनुसंधान में पता चला कि मृतक आकाश उरॉव अक्सर नशे की हालत में अपनी मां और बड़े भाई की पत्नी के साथ गाली-गलौज करता था तथा जमीन के कागजात की मांग को लेकर विवाद करता था। इसी पारिवारिक विवाद ने हत्या की घटना का रूप ले लिया।
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए आरोपी सूरज उरॉव को कल्याणपुर बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का चापड़ तथा घटना के समय पहने गए खून से सने जींस और टी-शर्ट बरामद किए गए। बरामद सामान को एफएसएल के निर्देशानुसार जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बरामदगी
- हत्या में प्रयुक्त लोहे का चापड़
- खून से सनी जींस और टी-शर्ट
छापेमारी टीम
इस कार्रवाई में जगरनाथपुर थाना प्रभारी पु.नि. नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में अशोक प्रसाद, राजीव कुमार रंजन, सत्यवीर, पंकज कुमार, लक्ष्मण महली, अनिल कुमार राम सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।






