रांची में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम: 119 शिकायतें प्राप्त, 73 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन, 3 संवेदनशील मामलों में प्राथमिकी दर्ज

SHARE:

रांची, 29 जुलाई 2026: रांची जिला अंतर्गत विभिन्न थाना एवं ओपी में बुधवार को जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों का थानावार शेड्यूल एवं समय-सारणी पूर्व निर्धारित कर इसे प्रेस, सोशल मीडिया एवं प्रबुद्ध लोगों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित किया गया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को अपेक्षित विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कार्यक्रम के तहत वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रांची ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोअर बाजार थाना में आमजनों से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और प्राप्त मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक (नगर) ने गोंदा थाना, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने रातू थाना तथा पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने धुर्वा थाना में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया सुनिश्चित की।

इसके अतिरिक्त विभिन्न पुलिस उपाधीक्षकों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में उपस्थित रहकर जन शिकायतों की सुनवाई की। जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर शिकायतें प्राप्त कीं तथा उनका समाधान किया।

रांची पुलिस द्वारा प्रत्येक बुधवार को आयोजित किए जाने वाले इस जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना तथा शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है।

119 शिकायतें प्राप्त, 73 का तत्काल निष्पादन

आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी में कुल 119 शिकायतें/आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 73 मामलों का उसी दिन त्वरित कार्रवाई करते हुए निष्पादन कर दिया गया, जबकि 43 मामले जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए लंबित रखे गए।

3 संवेदनशील मामलों में दर्ज हुई प्राथमिकी

कार्यक्रम के दौरान कुल 3 संवेदनशील मामले भी सामने आए। इनमें वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर संबंधित थानों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया। शेष लंबित मामलों की गुणवत्तापूर्ण जांच की जा रही है।

थानावार प्रमुख स्थिति

  • लोअर बाजार थाना: 8 शिकायतें प्राप्त, सभी 8 का निष्पादन।
  • सदर थाना: 8 शिकायतें प्राप्त, 6 का निष्पादन, 2 मामलों में प्राथमिकी (कांड सं. 358/26 एवं 359/26) दर्ज।
  • धुर्वा थाना: 3 शिकायतें प्राप्त, 2 का निष्पादन तथा 1 मामले में प्राथमिकी (कांड सं. 185/26) दर्ज।
  • बेरियातू थाना: 7 में 6 मामलों का निष्पादन।
  • डोरंडा थाना: सभी 7 शिकायतों का निष्पादन।
  • रातू थाना: 6 में 2 मामलों का निष्पादन, 4 लंबित।
  • अन्य सभी थाना एवं ओपी में भी प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की गई।

रांची पुलिस ने कहा कि जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है तथा भविष्य में भी यह अभियान प्रत्येक बुधवार को नियमित रूप से जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *