गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता: समरसेबुल पंप, बैटरी और इन्वर्टर चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

SHARE:

गोड्डा, 29 जुलाई। गोड्डा मुफ्फसिल थाना पुलिस ने समरसेबुल पंप, बैटरी और इन्वर्टर चोरी के तीन मामलों का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के छह समरसेबुल पंप, दो इन्वर्टर, एक बड़ी बैटरी, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के घाट मंजवारा और लुकलुकी गर्ल्स स्कूल से समरसेबुल पंप तथा लुकलुकी ब्राह्मण टोला के दो घरों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में गोड्डा मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 126/2026, 127/2026 एवं 129/2026 दर्ज किए गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हरना मोड़ के पास कम कीमत पर चोरी का सामान बेचने की फिराक में खड़े दो युवकों को घेरने का प्रयास किया। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पकड़े गए युवक की पहचान रतन कुमार मांझी (22 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर उसके घर से दो इन्वर्टर, एक बड़ी बैटरी और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। वहीं सह-अभियुक्त सोनू मिर्धा (19 वर्ष) तथा अन्य स्थानों से कुल छह चोरी के समरसेबुल पंप भी बरामद किए गए।

बरामद सामान में एक मोटरसाइकिल, मैक्रोटेक और लूमिनस कंपनी के दो इन्वर्टर, एक्साइड कंपनी की एक बड़ी बैटरी, छह समरसेबुल पंप तथा आरी, प्लास, हथौड़ी, गड़ासा, रेंच और पेचकस जैसे औजार शामिल हैं।

इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक मधुसूदन मोदक के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *