रांची में SSP का जन-वार्तालाप कार्यक्रम, लोअर बाजार क्षेत्र के लोगों के साथ कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा

SHARE:

रांची, 27 जुलाई: रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने जन-वार्तालाप कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत सोमवार को लोअर बाजार क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, स्थानीय पार्षदों और समाजसेवियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) और लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने नशा उन्मूलन अभियान, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। आगामी सावन माह को देखते हुए कांवरियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

SSP ने बैठक में उठाए गए सुझावों और शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, स्कूल-कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के आने-जाने के समय विशेष निगरानी रखने तथा नियमित गश्ती बढ़ाने के निर्देश लोअर बाजार थाना प्रभारी को दिए।

इस अवसर पर वार्ड 16 के पार्षद मुस्ताक आलम, वार्ड 11 की पार्षद आलिया नाज, वार्ड 21 के पार्षद मोहम्मद एहतेसाम, जय सिंह यादव, सरवर रिजवी, नूरी मस्जिद के अध्यक्ष, मौलाना आजाद कॉलोनी के प्रतिनिधियों सहित कई समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SSP द्वारा शुरू किया गया जन-वार्तालाप कार्यक्रम 24 जुलाई को सुखदेवनगर क्षेत्र से शुरू हुआ था। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *