रांची समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार, शिकायतों पर DC मंजूनाथ भजन्त्री का सख्त रुख

SHARE:

रांची, 27 जुलाई: रांची समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व मामलों में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनावश्यक विलंब की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए तमाड़ और सोनाहातू के अंचलाधिकारियों समेत संबंधित राजस्व कर्मियों को शोकॉज जारी करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, चिकित्सा सहायता, राशन कार्ड और अबुआ आवास योजना से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। सोनाहातू में म्यूटेशन लंबित रखने और पंजी-2 सुधार में देरी, जबकि तमाड़ में राजस्व कार्यों में लापरवाही की शिकायतों पर उपायुक्त ने जांच के साथ जवाब-तलब करने का निर्देश दिया।

ईटकी की एक महिला की पुश्तैनी जमीन पर कथित कब्जे के मामले में कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए, वहीं चान्हो के भूमि विवाद को ग्रामसभा के माध्यम से सुलझाने का आदेश दिया गया।

जनता दरबार में आर्थिक सहायता, ऑटिज्म से पीड़ित बच्चे की शिक्षा एवं इलाज, तथा अन्य सामाजिक मामलों पर भी संवेदनशीलता दिखाते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। राहे के एक नागरिक द्वारा स्वेच्छा से गुलाबी राशन कार्ड सरेंडर करने पर उपायुक्त ने अन्य अपात्र लाभुकों से भी राशन कार्ड वापस करने की अपील की।

 

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि आम लोगों के कार्यों में लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनावश्यक देरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *