बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में पहली बार हुई मेजबानी, डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन ने संभाली कमान

SHARE:

रांची, 26 जुलाई। राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार को एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 का उद्घाटन मैच सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। रांची जिले में पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी की जा रही है, जिसे लेकर खेल विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक एवं बहुआयामी तैयारियां की थीं।

 

उद्घाटन मैच के दौरान जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन स्वयं स्टेडियम में मौजूद रहे और पूरे आयोजन की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर दर्शकों की सुविधाओं तक प्रत्येक व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रवेश एवं निकास द्वारों के साथ-साथ दर्शक दीर्घाओं में भी सघन निगरानी रखी गई, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, पेयजल, स्वच्छता एवं अग्निशमन दल की समुचित व्यवस्था की गई थी। इन सभी व्यवस्थाओं के कारण उद्घाटन समारोह और मैच के दौरान दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

रांची में पहली बार आयोजित डूरंड कप के उद्घाटन मैच का सफल आयोजन जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशासन ने इसे टीमवर्क, बेहतर समन्वय और सुव्यवस्थित प्रबंधन का परिणाम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *