रांची, 24 जुलाई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, भू-अर्जन कार्यों, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे और फ्लाईओवर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं का समय पर पूरा होना राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
एनएचएआई परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नारो-टिकराटोली परियोजना में शेष रैयतों को मुआवजा भुगतान जल्द पूरा करने और कोयलारी-रामपुर इंटरचेंज परियोजना में भी मुआवजा प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में रेलवे की लिंक लाइन लोधमा और इलू-सिल्ली परियोजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने दोनों परियोजनाओं में लंबित मुआवजा भुगतान निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पथ निर्माण विभाग की ओर से संचालित कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर सहित अन्य सड़क परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने तथा पात्र रैयतों को प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के.के. राजहंस, एनएचएआई एवं पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






