सदर अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

SHARE:

रांची, 23 जुलाई। रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीटी स्कैन, एमआरआई, पैथोलॉजी, शिशु वार्ड, ऑर्थोपेडिक वार्ड, ओपीडी समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों और परिजनों ने अस्पताल की सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यहां निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं कम खर्च में उपलब्ध हो रही हैं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एक बुजुर्ग महिला का हालचाल जानकर चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं ऑर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती एक बच्चे के परिजनों ने भी अस्पताल की सुविधाओं और समय पर दवा मिलने की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त की नजर एक छोटे बच्चे पर पड़ी, जो मोबाइल फोन चला रहा था। इस पर उन्होंने बच्चे की मां को कम उम्र में मोबाइल देने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि “मोबाइल बच्चों का खिलौना नहीं है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ अधिक समय बिताने और उन्हें स्क्रीन से दूर रखने की अपील की।

उपायुक्त ने बताया कि सदर अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाती है, जिसमें नई चिकित्सा सुविधाओं और आधुनिक उपकरणों की खरीद पर निर्णय लिया जाता है।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ सदर अस्पताल

सदर अस्पताल में अब 128 स्लाइस सीटी स्कैन, एमआरआई, 24×7 अल्ट्रासाउंड एवं कलर डॉपलर, डिजिटल एक्स-रे, टेलीरेडियोलॉजी, टेली-आईसीयू, डायलिसिस, ईसीजी, ट्रेडमिल टेस्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा अस्पताल में इकोकार्डियोग्राफी, न्यूरोसर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, ईईजी और नर्व कंडक्शन टेस्ट की सुविधा भी दी जा रही है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अगले तीन महीनों में कैथ लैब और पीईटी स्कैन, जबकि छह महीनों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने की योजना है। साथ ही भविष्य में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं और रोबोटिक सर्जरी भी शुरू की जाएगी।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता आस्था शरण, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित कई अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *