रांची में 1 सितंबर से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली-2026, तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

SHARE:

रांची, 21 जुलाई 2026: रांची में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भर्ती रैली के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सेना के अधिकारी एम.के. शर्मा ने बताया कि भर्ती रैली 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी और लगभग 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का आग्रह किया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

बैठक में भर्ती स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, रेस्ट एरिया, बैरिकेडिंग, कार्पेट, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

सेना की ओर से जानकारी दी गई कि अभ्यर्थियों का प्रवेश रात 12 बजे से शुरू होगा। इसे देखते हुए उपायुक्त ने पर्याप्त लाइटिंग, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, पेयजल और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही टेंट, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, फूड एंड बेवरेज तथा साफ-सफाई की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और रांची नगर निगम को सौंपी गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भर्ती स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं नियमित पेट्रोलिंग के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, सहायक समाहर्त्ता आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, पुलिस अधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सेना के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *