रांची, 21 जुलाई: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 22 जुलाई को आयोजित होने वाली BLO एवं BLA-2 की तीसरी बैठक और चुनाव पाठशाला की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक समाहर्त्ता, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में चुनाव पाठशाला के उद्देश्यों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची को अंतिम रूप देना, प्राप्त Enumeration Form का संग्रहण एवं सत्यापन सुनिश्चित करना, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा और कोई पात्र मतदाता छूटेगा नहीं।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से 22 जुलाई की बैठक में समय पर उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 के माध्यम से संबंधित BLO के साथ समन्वय स्थापित कर 29 जुलाई 2026 से पहले Enumeration Form के शत-प्रतिशत संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में मतदाताओं के नाम खोजने में आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मतदाताओं का नाम खोजने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया और प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान किया।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि राजनीतिक दलों, BLO और BLA-2 के समन्वित प्रयासों से रांची जिले की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।






