चतरा पुलिस को बड़ी सफलता: टीएसपीसी का वांछित उग्रवादी नरेश गंझू गिरफ्तार

SHARE:

चतरा: चतरा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए टीएसपीसी (TSPC) संगठन के वांछित उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत जी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से कई गंभीर मामलों में फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि नरेश गंझू अपने पैतृक गांव मंधनिया (थाना- लावालौंग) में चोरी-छिपे आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष नक्सल विरोधी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान ग्राम मंधनिया स्थित फुटबॉल मैदान से लगभग 100 मीटर दूर घने जंगल के पास घेराबंदी कर नरेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी बालूमाथ थाना कांड संख्या 168/19 का वांछित आरोपी है, जिसमें हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट तथा यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

कई गंभीर मामलों में है आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नरेश गंझू के खिलाफ लातेहार और चतरा जिले के विभिन्न थानों में हत्या, अपहरण, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट और यूएपीए से जुड़े छह गंभीर मामले दर्ज हैं।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस अभियान में सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाउसाहब, लावालौंग थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव, एसएसबी 35वीं बटालियन के जवान तथा लावालौंग थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस ने कहा कि नक्सल एवं उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *